लगातार 5वें माह भी नीचे जा रहा शेयर बाजार

शेयर बाजार में शुक्रवार को गिरावट जारी रही। सेंसेक्स 425 अंक गिरकर 75,311 पर और निफ्टी 117 अंकों की गिरावट के साथ 22,795 पर बंद हुआ। फरवरी में अब तक सेंसेक्स 2.8% और निफ्टी 3% गिर चुके हैं। यदि अगले सप्ताह भी सेंसेक्स और निफ्टी गिरे तो लंबे समय तक गिरावट का 30 साल का रिकॉर्ड टूट जाएगा। ऐसा हुआ तो यह लगातार पांचवां महीना होगा, जब शेयर बाजार में गिरावट दर्ज होगी। गिरावट का इतना लंबा दौर आखिरी बार करीब 30 साल पहले 1996 में देखा गया था। यदि फरवरी के बाकी दिनों में शेयर बाजार कुछ रिकवर हो जाए और सेंसेक्स-निफ्टी किसी तरह थोड़ी बढ़त लेने में कामयाब हो जाएं तो भी 24 साल का रिकॉर्ड टूटेगा। हालांकि शेयर बाजार में गिरावट का ढाई दशक का रिकॉर्ड पहले ही टूट चुका है। “नेशनल स्टॉक एक्सचेंज” के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2024 से लेकर जनवरी 2025 के बीच लगातार चार महीने निफ्टी ने गिरावट देखी। पिछली बार 24 साल पहले 2001 में ऐसा हुआ था।

यदि सेंसेक्स 76 हजार से ऊपर जाकर टिके तो पलट सकता है मौजूदा ट्रेंड

चुनौतीपूर्ण स्थितिः लगातार 4 से 5 महीने बाजार गिरना सामान्य नहीं, 30 साल में ऐसा सिर्फ 4 बार

आगे क्या ?: मौजूदा लेवल से दिसंबर तक बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 4% रिटर्न दे सकता है: नोमुरा

जापान की ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म नोमुरा का अनुमान है कि दिसंबर ‘2025 तक भारतीय शेयर बाजार रिकवरी दिखाएगा और निफ्टी 23,784 तक पहुंच जाएगा। यह मौजूदा लेवल से 3.8% ऊपर है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि अभी निफ्टी 50 इंडेक्स का प्राइस- टू-अर्निंग (पीई) रेश्यो 19 गुना है।

गिरावट का ट्रेंड जारीः निवेशकों का धैर्य टूट रहा, 75,800 का मजबूत सपोर्ट लेवल भी टूट गया

कोटक सिक्युरिटीज के रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान ने बताया कि निफ्टी ने 22,950 का और सेंसेक्स ने 75,800 का सपोर्ट लेवल तोड़ दिया है। मतलब यह कि अब तक बाजार इस लेवल से नीचे नहीं आ रहा था। इससे संकेत मिलता है कि निवेशकों का धैर्य टूट रहा है। यदि आगामी दिनों में सेंटीमेंट नहीं सुधरता है तो सेंसेक्स 75,500 तक नीचे आ सकता है। ऐसा होने पर बिकवाली तेज होगी क्योंकि निवेशक और ट्रेडर घबरा जाएंगे। हालांकि यदि सेंसेक्स किसी तरह एक बार फिर 76 हजार के लेवल से ऊपर निकलने में कामयाब होता है, तो बाजार में स्थिरता लौट सकती है।

सुखद संकेतः कम महंगाई, टैक्स राहत से इकोनॉमी ने खोई हुई गति हासिल की: रिजर्व बैंक

देश के केंद्रीय बैंक का मानना है कि देश की इकोनॉमी ने खोई हुई रफ्तार हासिल कर ली है। मजबूत ग्रामीण मांग को कृषि क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन से मदद मिलेगी। टैक्स राहत के चलते शहरी मांग में सुधार की उम्मीद है। इस बीच, अमेरिकी इन्वेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैक्स ने भी भारत की विकास दर का अनुमान 0.10% बढ़ाकर 6.2% कर दिया है।

Share This Article